
मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने आज झारखंड मंत्रालय स्थित सभागार में आयोजित कार्यक्रम में हॉकी में राज्य एवं देश का नाम रोशन करने वाली ओलंपियन हॉकी खिलाड़ी सुश्री सलीमा टेटे और सुश्री निक्की प्रधान को रांची के हरमू स्थित आवासीय कॉलोनी में 3750 वर्ग फीट भूखंड आवंटन का कागजात सौंपा। राज्य सरकार ने आज आधिकारिक तौर पर झारखंड की दो बेहतरीन महिला हॉकी खिलाड़ी सुश्री सलीमा टेटे एवं सुश्री निक्की प्रधान के खेल उपलब्धियों को मान्यता देते हुए राजधानी रांची में उनका अपना घर होने के सपने को आखिरकार पूरा कर दिया है। मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन के कर कमलों से इन दोनों स्टार हॉकी खिलाड़ियों को हरमू आवासीय कॉलोनी के प्लॉट नंबर - 10 (बी) तथा 10 (ए) में 3750-3750 वर्ग फ़ीट भूखंड आवंटन की हस्तगत प्रतियां आवास निर्माण के लिए उन्हें प्रदान की गई।