
मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि हर वर्ष यहां श्री बंशीधर महोत्सव मनाया जाता है परन्तु विगत कुछ वर्षों से इस महोत्सव को और अधिक भव्य बनाने एवं महोत्सव का पैमाना बढ़ाने के लिए राज्य सरकार ने संकल्प लिया है। अब श्री बंशीधर महोत्सव राजकीय महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। देश-दुनिया में यह महोत्सव अपना अलग स्थान बनाए , इस निमित्त हमारी सरकार ने इस महोत्सव को राजकीय महोत्सव के रूप में आयोजित करने की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हमसभी लोग इस महोत्सव के शुभारंभ कार्यक्रम में उपस्थित हुए हैं। इस पावन बेला पर आप सभी को राज्य सरकार की ओर से बहुत-बहुत शुभकामनाएं। उक्त बातें मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने आज गढ़वा जिला स्थित नगरऊंटारी में आयोजित राजकीय श्री बंशीधर महोत्सव-2025 को संबोधित करते हुए कही।